दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। नगर पंचायत द्वारा कराए जा रहे नाला निर्माण कार्य का ग्रामीणों ने विरोध करते हुए जमकर हंगामा और नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि नगर पंचायत का पानी गांव की पीता वाली पोखर में छोड़ा जाता है, जिससे बरसात के दौरान पोखर ओवरफ्लो होकर पानी गांव के अंदर और मकानों तक पहुंच जाता है। इससे कई परिवारों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने के लिए मजबूर होना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि नगर पंचायत का पक्का नाला बन गया तो पोखर में पानी की मात्रा और बढ़ जाएगी, जिससे जलभराव की समस्या गंभीर हो जाएगी। उन्होंने निर्माण कार्य तत्काल बंद कराने की मांग करते हुए नगर पंचायत के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने ऐलान किया कि किसी भी सूरत में नाले का निर्माण नहीं होने दिया जाएगा।

ग्राम प्रधान बीपी गुर्जर ने बताया कि पीता वाली पोखर में अभी से ओवरफ्लो होने के कारण पंपसेट चलाया जा रहा है। ताकि मकानों के अंदर पानी प्रवेश न कर सके।
वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रवि प्रकाश शल्या ने ग्रामीणों की आशंकाओं को निराधार बताते हुए कहा कि संबंधित ईंटों कीनाली पहले से मौजूद है और नगर पंचायत का पानी वर्षों से पीता वाली पोखर में ही जाता रहा है। वर्तमान में केवल पुराने नाले को पक्का करने का कार्य कराया जा रहा है, ताकि जल निकासी व्यवस्था बेहतर हो सके। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य नियमानुसार कराया जा रहा है।
नारेबाजी करने वालों में ग्राम प्रधान बीपी गुर्जर, दिनेश चंद्र कुशवाहा, नानकचंद, धर्मेन्द्र कुशवाहा,भानुदेवी, शीला, आशादेवी,अंगूरी देवी सहित लगभग दो दर्जन से अधिक ग्रामीण मौजूद रहे।





















