जिला नजर ब्यूरो चीफ संजय भारद्वाज
अलीगढ। अलीगढ़ के सिविल लाइन स्थित लाल दिग्गी बिजली घर पर स्मार्ट मीटर के विरोध में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता ने जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होकर बिजली घर पहुंचे और स्मार्ट मीटर लगाए जाने के तरीके तथा लगातार हो रही बिजली कटौती के खिलाफ नाराजगी जताई।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली बिलों में अनियमितता बढ़ गई है, जिससे आम जनता परेशान है। लोगों का कहना है कि अपनी समस्याओं को लेकर वे कई बार संबंधित अधिकारियों के पास गए, लेकिन कोई संतोषजनक समाधान नहीं मिला। इसी वजह से आक्रोशित होकर लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर के नाम पर जनता से अवैध वसूली की जा रही है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान एक ज्ञापन भी अधिकारियों को सौंपा गया, जिसमें स्मार्ट मीटर व्यवस्था की जांच कराने और बिजली कटौती की समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की गई।























