दैनिक जिला नज़र संवाददाता
फतेहपुर सीकरी/आगरा। क्षेत्र के ऊपर पहाड़ स्थित पीर जी की चौक में बीती रात अज्ञात चोरों द्वारा एक मकान को निशाना बनाए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने घटना की शिकायत पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फारूक अली पुत्र माशूक अली ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह किसी निजी कार्य से कस्बे से बाहर गए हुए थे। उनके बच्चे घर पर मौजूद थे और रात में सो रहे थे। आरोप है कि देर रात अज्ञात व्यक्ति मकान की छत के रास्ते घर में प्रवेश कर गए तथा सीढ़ियों से नीचे उतरकर कमरे तक पहुंच गए।
तहरीर के अनुसार, चोर कमरे में रखे संदूक से लगभग 53 हजार रुपये नकद एवं चांदी की तोड़ियां चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने थाना फतेहपुर सीकरी में तहरीर देकर मामले की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।





















