दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति ने सोमवार को फतेहाबाद तहसील मुख्यालय पर पिछड़ा वर्ग की समीक्षा बैठक की। बैठक में आगरा के मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, पुलिस कमिश्नर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
तहसील सभागार में आयोजित बैठक में अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पिछड़ा वर्ग से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध और संतोषजनक निस्तारण किया जाए।

उन्होंने यमुना नदी के तटवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए विशेष निर्देश देते हुए कहा कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में रहने वाले लोगों को ऊंचे स्थानों पर जमीन आवंटित की जाए, ताकि बाढ़ के समय उनका जीवन-यापन प्रभावित न हो।
बैठक में गोवंश के संरक्षण और संवर्धन पर भी बल दिया गया। कार्यक्रम से पूर्व आगरा मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप सिंह, जिलाधिकारी मनीष बंसल और पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने साध्वी निरंजन ज्योति का स्वागत किया।





















