दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। तहसील फतेहाबाद क्षेत्र के गांव रिहावली में रविवार सुबह करीब 10:30 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब 11000 हाईटेंशन विद्युत लाइन से निकली चिंगारी के कारण एक भूसा कर्री मवेशियों के बड़े में भीषण आग लग गई।
आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे घर और आसपास रखे भूसे को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग आग बुझाने के लिए दौड़ पड़े।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी चंद्रपाल पुत्र देवलाल तथा उनके भाई कामता प्रसाद के घर के ऊपर से 11000 हाईटेंशन लाइन गुजर रही थी। अचानक लाइन से निकली चिंगारी झोपड़ी पर गिर गई, जिससे आग लग गई। तेज गर्मी और सूखे भूसे के चलते आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया।
आग की लपटों ने घर के पास बनी भूसे की कर्री को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिसमें रखा करीब 10 से 15 कुंतल गेहूं जलकर राख हो गया। वहीं इंजन, कंडे और अन्य घरेलू सामान भी आग में स्वाहा हो गए।
इस दर्दनाक हादसे में परिवार की पांच भैंस, एक गाय और तीन बकरियों समेत कुल 9 पशुओं की जलकर मौत हो गई। कई अन्य पशु भी झुलस गए, जिनका गांव में ही पशु चिकित्सकों की टीम द्वारा उपचार किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और पशु चिकित्सकों की टीम मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड कर्मियों और ग्रामीणों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।





















