फतेहाबाद/आगरा। थाना बसई मोहम्मदपुरा क्षेत्र के शंकरपुर गांव निवासी एक व्यक्ति द्वारा विषाक्त पदार्थ पी लेने से उसकी हालत बिगड़ गई। परिजनों ने उसे तत्काल उपचार के लिए फतेहाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों द्वारा उसका इलाज किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार श्याम सुन्दर पुत्र वारेलाल निवासी शंकरपुर थाना बसई मोहम्मदपुरा, जिला फिरोजाबाद ने किसी कारणवश विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे परिजनों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद परिवार के लोग उसे तुरंत फतेहाबाद के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे और भर्ती कराया।
अस्पताल प्रशासन द्वारा मामले की सूचना फतेहाबाद पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी लेकर स्थिति का जायजा लिया।
डॉक्टरों के अनुसार समय पर अस्पताल लाने के कारण युवक की हालत अब सामान्य बताई जा रही है और उसका उपचार जारी है। पुलिस भी मामले की जांच में जुटी हुई है तथा घटना के कारणों की जानकारी करने का प्रयास कर रही है।























