मैनपुरी: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के थाना कुर्रा क्षेत्र के जोराई प्रेमपुर गांव में गुरुवार देर शाम एक सनसनीखेज वारदात में डुडवा ग्राम पंचायत की प्रधान मीना देवी के ससुर, 55 वर्षीय चंद्र प्रकाश यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, चंद्र प्रकाश गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे खाना खाने के बाद टहलने के लिए खेत की ओर निकले थे। कुछ देर बाद परिजनों ने गोलियों की आवाज सुनी। भयभीत परिजन खेत की ओर दौड़े, जहां चंद्र प्रकाश लहूलुहान हालत में पड़े थे। उनकी जांघ में गोली लगी थी। परिजन उन्हें तुरंत सैफई मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी ग्रामीण राहुल मिठास पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही हत्यारों का पता लगाया जाएगा। हालांकि, शुक्रवार सुबह तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली थी। क्षेत्र में इस घटना से सनसनी फैल गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।