दैनिक जिला नज़र संवाददाता
फतेहपुर सीकरी/आगरा। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फतेहपुर सीकरी में स्वास्थ्य शिविर एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा सूचना एवं सहायता काउंटर लगाए गए, जहां केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं, उपलब्ध सुविधाओं तथा उनसे जुड़े लाभों की जानकारी लोगों को दी गई। साथ ही उपस्थित नागरिकों की समस्याओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान करने का प्रयास किया गया।
स्वास्थ्य शिविर में स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने जनहितकारी योजनाओं के बारे में जानकारी साझा की।
हालांकि, कार्यक्रम में आम नागरिकों की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम दिखाई दी, जबकि भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता अधिक संख्या में मौजूद नजर आए। स्थानीय स्तर पर इसे लेकर चर्चाएं भी होती रहीं कि जनसहभागिता अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच सकी।
कार्यक्रम के दौरान मीडिया द्वारा भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से क्षेत्र में पार्टी की कुछ नीतियों को लेकर उठ रहे सवालों के संबंध में प्रतिक्रिया जानने का प्रयास किया गया। इस दौरान अधिकांश पदाधिकारियों ने विस्तृत टिप्पणी करने से परहेज किया और संक्षिप्त उत्तर देकर विषय पर अधिक बोलने से बचते दिखाई दिए।
इस अवसर पर एसीएमओ डॉ. नंदन, सीएचसी अधीक्षक डॉ. राजकमल, एडीओ हर नारायण सिंह, थाना प्रभारी आनंदवीर सिंह, भाजपा के वरिष्ठ नेता सहदेव शर्मा, मंडल अध्यक्ष विल्सन कुशवाहा, पूर्व मंडल अध्यक्ष मनोज सिंघल, सभासद हनी गोयल, ओम कांत डागुर, जितेंद्र शर्मा, सरला राजपूत, मिथुन राजपूत, आशु शर्मा, मुरारी लाल सैनी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





















