बरसाना (मथुरा)। ब्रज की विश्व प्रसिद्ध लट्ठमार होली बुधवार को पूरे उल्लास और परंपरागत उत्साह के साथ शुरू हो गई। सुबह से ही बरसाना की गलियां अबीर-गुलाल से रंगी नजर आईं। ढोल-नगाड़ों की थाप पर श्रद्धालु झूमते रहे और होली के पारंपरिक गीतों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मियों के साथ महिलाओं ने प्रतीकात्मक लट्ठमार होली खेली। नंदगांव से आए हुरियारों का पीली पोखर पर पारंपरिक स्वागत किया गया। यहां से हुरियारे भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप की ध्वजा लेकर श्रीजी मंदिर की ओर प्रस्थान करेंगे।प्रशासन के अनुसार,इस वर्ष करीब 20 लाख श्रद्धालु बरसाना पहुंचे हैं। इनमें बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक भी शामिल हैं। सुरक्षा के मद्देनजर 4500 से अधिक पुलिसकर्मी, पीएसी और एंटी रोमियो टीम तैनात की गई है।श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए लगभग 2000 किलो ठंडाई तैयार की गई है। जगह-जगह भंडारे और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है।लट्ठमार होली से एक दिन पहले मंगलवार को श्रीजी मंदिर में लड्डूमार होली खेली गई थी, जिसमें श्रद्धालुओं ने जमकर भाग लिया।हर वर्ष मथुरा-वृंदावन क्षेत्र में आयोजित होने वाली यह होली देश-विदेश के पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनती है।ब्रज की इस अलौकिक होली का आनंद लेने के लिए लोग दूर-दूर से यहां पहुंचते हैं।वही इसी क्रम में विश्व प्रसिद्ध लठामार होली के दृष्टिगत जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने मंगलवार को मेला क्षेत्र का पैदल निरीक्षण किया।अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात एवं साफ-सफाई व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने बरसाना स्थित लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन सभागार में बनाए गए सीसीटीवी कंट्रोल रूम का अवलोकन कर पूरे मेला क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि लठामार होली में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वहीं एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहकर ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।मेला क्षेत्र में बैरिकेडिंग, पार्किंग और चिकित्सा सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। प्रशासन ने सभी व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।

राहुल गौड एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उत्तर प्रदेश के जनपद मथुरा में सक्रिय रहते हुए उन्होंने विभिन्न समाचार माध्यमों के लिए निष्पक्ष और प्रभावशाली रिपोर्टिंग की है। उनके कार्य में स्थानीय मुद्दों की गंभीर समझ और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता की झलक मिलती है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version