फतेहाबाद/आगरा: बुधवार को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा आयोजित सप्तदिवसीय विशेष शिविर के पांचवें दिन अभिगृहीत ग्राम प्रतापपुरा में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राजधारी यादव के नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने गांव के मंदिर परिसर में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। इसके बाद स्वयंसेवकों ने जागरूकता रैली निकाली और घर-घर जाकर ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति से संबंधित जानकारी एकत्र की।अंत में भ्रष्टाचार उन्मूलन विषय पर सभा आयोजित की गई।
मुख्य वक्ता डॉ. नेत्रपाल सिंह ने भ्रष्टाचार के समूल नाश के लिए संपूर्ण व्यवस्था में बदलाव लाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज में पारदर्शिता और जवाबदेही से ही सकारात्मक परिवर्तन संभव है।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राजधारी यादव ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में सच्चाई और ईमानदारी के मार्ग पर चलकर देश की उन्नति में योगदान देना चाहिए। उन्होंने नीति और नियत दोनों को स्वच्छ रखने का आह्वान किया।सभा में स्वयंसेवकों की ओर से विवेक, भावना, अभिषेक व सचिन ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी व बड़ी संख्या में स्वयंसेवी उपस्थित रहे।
- रिपोर्ट – सुशील गुप्ता


