• मां सरस्वती पूजन व दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत,
• डॉ. नवीन कुमार एडवोकेट ने अध्यक्ष पद की शपथ ली
जिला नजर/संवाददाता
_________________
अलीगढ़/इगलास। सिविल जज जूनियर डिवीजन इगलास के तत्वावधान में सिविल एवं क्रिमिनल बार एसोसिएशन के नव निर्वाचित पदाधिकारियों का भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत माननीय जिला जज अलीगढ़ के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद उन्होंने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर तथा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
समारोह में माननीय जिला जज अलीगढ़ और उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के चेयरमैन ने डॉ. नवीन कुमार एडवोकेट को सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पद की शपथ दिलाई। साथ ही अन्य सभी नव निर्वाचित पदाधिकारियों को भी पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण के बाद पदाधिकारियों ने अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा और न्याय व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर एसडीएम परितोष मिश्रा, थाना प्रभारी नरेंद्र यादव, कस्बा प्रभारी गंगाराम गंगवार, एसआई रुचि तोमर, पूर्व अध्यक्ष सत्यप्रकाश एडवोकेट, बाबूदत्त शर्मा, दीनदयाल शर्मा और प्रमोद कुमार एडवोकेट सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ताओं में उत्साह का माहौल दिखाई दिया।























