आगरा: थाना सिकंदरा क्षेत्र में प्रसिद्ध ब्रांड केंट आरओ सिस्टम के नाम पर नकली पार्ट्स बेचकर ग्राहकों को ठगने का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने गुप्त सूचना पर छापेमारी कर सेक्टर-13, आवास विकास कॉलोनी स्थित हर्ष वाटर सेल्स नामक दुकान से 18 नकली आरओ पार्ट्स बरामद किए।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी के जांच अधिकारी विपलव विश्वास को गुप्त सूचना मिली कि कुछ लोग केंट ब्रांड के नाम पर फर्जी मेम्ब्रेन, कार्बन फिल्टर और सेडिमेंट फिल्टर बेच रहे हैं। उन्होंने इसकी जानकारी सिकंदरा पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस टीम और कंपनी अधिकारी ने संयुक्त रूप से दुकान पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान टीम ने आरओ मेम्ब्रेन, कार्बन फिल्टर, सेडिमेंट फिल्टर समेत कुल 18 नकली उत्पाद बरामद किए, जिन्हें असली केंट प्रोडक्ट बताकर ग्राहकों को बेचा जा रहा था। इन नकली पार्ट्स से न सिर्फ ग्राहक ठगे जा रहे थे, बल्कि केंट ब्रांड की साख को भी भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा था।
पुलिस ने मौके पर ही दुकानदार दिलीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ कॉपीराइट एक्ट की धारा 63 और 65 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है कि यह नकली सामान कहां से आ रहा था और कितने लोगों को इससे नुकसान हुआ है।























