लखनऊ। उत्तर प्रदेश में शुक्रवार सुबह लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए, जिससे कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। राजधानी लखनऊ सहित आसपास के कई जिलों में धरती में हल्का कंपन महसूस किया गया। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार भूकंप का केंद्र लखनऊ से सटे गोंडा जिले में दर्ज किया गया है। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.7 मापी गई।

गोंडा के इटियाथोक क्षेत्र में था केंद्र

वैज्ञानिक आंकड़ों के मुताबिक भूकंप का केंद्र गोंडा जिले के इटियाथोक क्षेत्र के इटहिया नवीजोत गांव के पास जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे था। झटके सुबह लगभग 7:32 बजे महसूस किए गए। उस समय लोग अपने दैनिक कार्यों में व्यस्त थे। तीव्रता कम होने के कारण फिलहाल किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है, हालांकि ऊंची इमारतों में रहने वाले लोगों ने कुछ सेकंड तक कंपन महसूस होने की बात कही।

उत्तराखंड और सिक्किम में भी भूकंपीय गतिविधि

शुक्रवार सुबह उत्तराखंड के बागेश्वर क्षेत्र में भी 3.4 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। वहीं सिक्किम के ग्यालशिंग क्षेत्र में आधी रात को 4.5 तीव्रता के झटके आए, जिसके बाद 10 से अधिक आफ्टरशॉक्स महसूस किए गए।

संवेदनशील है तराई क्षेत्र

भू-गर्भ विशेषज्ञों के अनुसार नेपाल की तराई से सटे होने के कारण उत्तर प्रदेश का यह इलाका भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर जर्जर और पुरानी इमारतों से दूर रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन से संपर्क करने की सलाह दी है।

जानिए क्यों आता है भूकंप?

वैज्ञानिकों के अनुसार पृथ्वी के भीतर कई टेक्टोनिक प्लेट्स होती हैं। जब ये प्लेट्स आपस में टकराती या खिसकती हैं तो ऊर्जा निकलती है, जो भूकंपीय तरंगों के रूप में धरती की सतह पर कंपन पैदा करती है।

दैनिक जिला नज़र – (नजरिया सच का) प्रिंट & सोशल मीडिया न्यूज़ नेटवर्क दैनिक जिला नज़र सत्यनिष्ठ पत्रकारिता और जनपक्षीय विचारधारा का विश्वसनीय मंच है। हम समाचारों को केवल प्रसारित नहीं करते—बल्कि उन्हें प्रमाणिकता, नैतिकता और गहन विवेक के साथ पाठकों तक पहुँचाते हैं। स्थानीय सरोकारों से लेकर राष्ट्रीय मुद्दों तक, हर सूचना को हम निष्पक्ष दृष्टि, आधुनिक संपादकीय मानकों और जिम्मेदार मीडिया आचरण के साथ प्रस्तुत करते हैं। प्रिंट की गरिमा और डिजिटल की गति—दोनों का संतुलित संगम है "जिला नज़र"। हमारा ध्येय है— सत्य को स्वर देना, समाज को दिशा देना। दैनिक जिला नज़र जहाँ समाचार विश्वसनीयता की भाषा बोलते हैं।

error: Content is protected !!
Exit mobile version