दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। थाना डौकी पुलिस ने नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को मुखबिर की सूचना पर बिसारना अंडरपास से दबोच लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 मई 2026 को पीड़ित पिता ने थाना डौकी में तहरीर देकर बताया था कि उसकी नाबालिग पुत्री कोचिंग जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। आरोप लगाया गया कि शिवा उर्फ शिवम पुत्र अशोक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया। काफी तलाश के बाद भी किशोरी का कोई सुराग नहीं मिला।
इस मामले में थाना डौकी में मुकदमा संख्या 082/26 धारा 137(2)/87 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस आयुक्त एवं पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन के निर्देशन में सहायक पुलिस आयुक्त फतेहाबाद के नेतृत्व में आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए 3 मई 2026 को किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया था। वहीं बुधवार को आरोपी शिवा उर्फ शिवम पुत्र अशोक निवासी बड़ा कछपुरा, थाना डौकी, जिला आगरा उम्र करीब 21 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ धारा 137(2)/87/65(1) बीएनएस तथा 3/4 पोक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष सुनीत शर्मा, उपनिरीक्षक मोहित सिंह चौहान, कांस्टेबल अतुल कुमार, आरक्षी अभिषेक एवं आरक्षी हर्ष कुमार शामिल रहे।





















