मथुरा। राष्ट्रीय एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी मथुरा द्वारा जिला अध्यक्ष मुकेश धनगर के नेतृत्व में सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। इस दौरान जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।ज्ञापन में कांग्रेस पार्टी ने मांग की कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) का नामांतरण तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि सरकार ने सांप्रदायिक सोच के तहत योजना का नाम बदलने के साथ-साथ ग्रामीण आबादी को रोजगार के अधिकार से भी वंचित करने का प्रयास किया है।पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि सूचना का अधिकार और शिक्षा का अधिकार जैसे प्रावधान, जिन्हें कांग्रेस नीत सरकार ने लागू किया था, वे भी वर्तमान सरकार की नीतियों से प्रभावित हो रहे हैं। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि मनरेगा के जनहितकारी पहलुओं को कमजोर किया गया है, जबकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस योजना को रचनात्मक और अनुकरणीय बताया गया है।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान मनरेगा की उपयोगिता सिद्ध हुई, जब 4.6 करोड़ परिवारों को रोजगार मिला और 180 करोड़ से अधिक कार्य दिवस सृजित हुए। योजना के तहत करोड़ों परिसंपत्तियों का निर्माण हुआ, जिनमें सड़कें और तालाब शामिल हैं। इसके बावजूद बढ़ती महंगाई के बीच कई वर्षों से मनरेगा के बजट में वृद्धि नहीं की गई है।जिला कांग्रेस कमेटी ने मांग की कि मनरेगा के तहत कार्य दिवसों की संख्या बढ़ाई जाए, प्रत्येक ग्रामीण को रोजगार की गारंटी दी जाए, पूरी मजदूरी सुनिश्चित की जाए तथा जवाबदेही तय की जाए। साथ ही काम न मिलने पर बेरोजगारी भत्ता देने और न्यूनतम दैनिक मजदूरी 500 रुपये निर्धारित करने की मांग भी उठाई गई।इस अवसर पर शिवदत्त चतुर्वेदी ने कहा कि मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह योजना गरीब किसानों, मजदूरों और ग्रामीण परिवारों को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम थी। कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव वैद्य मनोज गौड़ ने किया।ज्ञापन सौंपने वालों में हाकिम सिंह छौंकर, दीपक आर्य, राजा गौतम, अश्वनी शुक्ला, राजा बाबू, टिंकू धनगर, पंकज चौधरी, शैलेन्द्र चौधरी, रवि वाल्मीकि, मनोज शर्मा, द्वारिका निषाद, कपिल यादव, आबाद मोहम्मद, नीरज चौधरी, हरीश पचौरी, हाशिम हुमेर,विजय लोधी, महेश चौबे, करण निषाद, दीपक दीक्षित, गीता दिवाकर, लक्ष्मण तोमर, अरविंद बिट्टू, आदित्य तिवारी, शाहिद, अनिल खरे, खुशीराम पटेल, राशिद, सोनू वर्मा, कसान रिज़वी, संदीप चौधरी, बलवीर, अनवार,अशोक निषाद, हर्ष चौरसिया,पीतम बघेल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

राहुल गौड एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का 10 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उत्तर प्रदेश के जनपद मथुरा में सक्रिय रहते हुए उन्होंने विभिन्न समाचार माध्यमों के लिए निष्पक्ष और प्रभावशाली रिपोर्टिंग की है। उनके कार्य में स्थानीय मुद्दों की गंभीर समझ और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता की झलक मिलती है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version