रोजगार और सम्मानजनक जीवन के लिए प्रशासन को दिए निर्देश

बस्ती। रौतापार के सकेतपुरी में किन्नरों को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने और उन्हें सम्मानजनक जीवन प्रदान करने के उद्देश्य से बने ‘गरिमा गृह’ का मंगलवार को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने किन्नर समुदाय के लोगों से संवाद कर उन्हें शिक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उद्घाटन के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि भारत एक ऐसा देश है जहां ट्रांसजेंडर समुदाय को सम्मान और अधिकार दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर किन्नरों को सम्मानजनक जीवन जीने का अधिकार मिला है और सरकार उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कई योजनाएं चला रही है।
राज्यपाल ने इंदिरा चैरिटेबल सोसायटी के कार्यकारी अधिकारी अजय कुमार पांडेय के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बस्ती में किन्नरों के विकास और पुनर्वास के लिए किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि अजय कुमार पांडेय और उनकी टीम ने समाज के इस वर्ग को आगे बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं और इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के प्रथम गरिमा गृह का उद्घाटन उनके द्वारा किया गया है।
उन्होंने समाज के लोगों से अपील करते हुए कहा कि माँ की कोख से जन्म लेने वाला हर बच्चा ईश्वर का आशीर्वाद होता है, इसलिए किसी के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए। सभी को शिक्षा और बेहतर परवरिश मिलनी चाहिए, ताकि वे समाज में सम्मान के साथ जीवन जी सकें।
राज्यपाल ने कहा कि किन्नर समाज को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन्हें रोजगार से जोड़ना बेहद जरूरी है। उन्होंने जिलाधिकारी और इंदिरा चैरिटेबल सोसायटी के सीईओ को निर्देश देते हुए कहा कि जिले के व्यवसायिक प्रतिष्ठानों, अस्पतालों, पेट्रोल पंपों, रेस्टोरेंट और स्कूलों के साथ बैठक कर किन्नरों को रोजगार उपलब्ध कराया जाए। इससे वे आत्मनिर्भर बनेंगे और समाज में सम्मान के साथ रह सकेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि समाज के सभी लोगों की जिम्मेदारी है कि किन्नरों को सम्मानजनक नजर से देखें और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने में सहयोग करें। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में किन्नर समुदाय के लोग, सामाजिक कार्यकर्ता, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। उद्घाटन के साथ ही बस्ती में ट्रांसजेंडर समुदाय के सशक्तिकरण की दिशा में एक नई पहल की शुरुआत हुई है।

शिवेश शुक्ला मंडल ब्यूरो चीफ, बस्ती (जिला नज़र सोशल & प्रिंट मीडिया न्यूज़ नेटवर्क) शिवेश शुक्ला एक प्रतिबद्ध और अनुभवी पत्रकार हैं, जो पत्रकारिता में 10 वर्षों की दक्षता रखते हैं। बीते 5 वर्षों से 'जिला नज़र' में मंडल ब्यूरो चीफ पद पर कार्यरत हैं, वे निर्भीकता और निष्पक्षता के साथ जनसरोकार से जुड़ी खबरों की मुखर आवाज बने हुए हैं।

error: Content is protected !!
Exit mobile version