जिला नजर संवाददाता
अलीगढ़। खेल जगत में उत्कृष्ट योगदान देने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं खेल क्षेत्र से जुड़े प्रतिष्ठित व्यक्तियों के लिए बड़ी खबर है। भारत सरकार ने आगामी गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 2027 के अवसर पर दिए जाने वाले देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मानों पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री पुरस्कारों हेतु आवेदन आमंत्रित किए हैं।
क्षेत्रीय खेल कार्यालय, अलीगढ़ मंडल के क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी राम मिलन ने बताया कि खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले इच्छुक व्यक्ति निर्धारित प्रारूप पर अपना आवेदन 28 मई 2026 तक क्षेत्रीय खेल कार्यालय, अलीगढ़ में जमा कर सकते हैं। आवेदन के साथ संबंधित उपलब्धियों एवं प्रमाण-पत्रों की प्रतियां संलग्न करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों, कोचों एवं खेल क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाले व्यक्तियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से यह प्रक्रिया शुरू की गई है, ताकि योग्य प्रतिभाओं को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों के लिए नामित किया जा सके।
आवेदन से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं साइटेशन का निर्धारित प्रारूप किसी भी कार्यदिवस में क्षेत्रीय खेल कार्यालय, अलीगढ़ से प्राप्त किया जा सकता है।
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी ने जनपद एवं मंडल के सभी खेल संघों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों से अपील की है कि योग्य प्रतिभाओं को इस अवसर का लाभ दिलाने हेतु अधिक से अधिक आवेदन सुनिश्चित कराएं।





















