दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। फतेहाबाद क्षेत्र में लगातार बढ़ रही गर्मी और तेज धूप को देखते हुए फतेहाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
अस्पताल प्रशासन द्वारा परिसर में ओआरएस युक्त ठंडे पानी का कैंपर रखवाया गया है, ताकि अस्पताल आने वाले सभी लोग गर्मी से राहत पा सकें और उन्हें स्वच्छ पेयजल आसानी से उपलब्ध हो सके।
गर्मी के मौसम में अक्सर मरीजों और आम लोगों को डिहाइड्रेशन, चक्कर आना, कमजोरी और लू लगने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
इसे ध्यान में रखते हुए अस्पताल प्रशासन ने यह पहल की है। अस्पताल में आने वाले मरीज, तीमारदार और अन्य लोग कैंपर से पानी पीकर राहत महसूस कर रहे हैं।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक अभिषेक चौहान ने बताया कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए अस्पताल में ओआरएस पानी की व्यवस्था कराई गई है, जिससे मरीजों को गर्मी से बचाव मिल सके। उन्होंने कहा कि ओआरएस शरीर में पानी और जरूरी लवणों की कमी को पूरा करता है, इसलिए गर्मी के दिनों में इसका सेवन बेहद लाभकारी है।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि दोपहर के समय तेज धूप में बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और हल्का भोजन करें। अस्पताल प्रशासन का उद्देश्य है कि गर्मी के इस मौसम में अस्पताल आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को राहत और बेहतर सुविधा मिल सके।





















