दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। ग्राम पंचायत चमरौली के उपग्राम गढ़ी गुसाई में स्थित करीब 400 वर्ष पुराने ग्राम समाज के तालाब पर अतिक्रमण का आरोप लगाते हुए ग्रामीण ने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि तालाब के आसपास अवैध कब्जों के कारण उसका अस्तित्व संकट में पड़ता जा रहा है और ग्रामीणों को भी विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
गढ़ी गुसाई निवासी सूरज सिंह पुत्र महाराज सिंह ने मुख्यमंत्री को भेजे प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि गांव के कुछ लोगों ने तालाब के किनारे मिट्टी डलवाकर ग्राम समाज की भूमि पर कब्जा कर लिया है। इससे तालाब का क्षेत्रफल लगातार कम हो रहा है तथा आसपास की सार्वजनिक भूमि भी प्रभावित हो रही है।
सूरज सिंह के अनुसार उन्होंने कई बार जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि शिकायतों का निस्तारण बिना प्रभावी जांच के कर दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व में प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन विरोध के चलते कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी।
शिकायतकर्ता का कहना है कि तालाब गांव की प्राचीन धरोहर है और इसके संरक्षण की जिम्मेदारी प्रशासन की है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर तालाब की पैमाइश कराने, अतिक्रमण हटवाने तथा ग्राम समाज की भूमि को कब्जामुक्त कराने की मांग की है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासनिक कार्रवाई से तालाब का मूल स्वरूप सुरक्षित रह सकेगा।





















