अलीगढ़: अलीगढ़-गाजियाबाद जीटी रोड हाईवे पर भरतरी के पास मंगलवार तड़के करीब चार बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दिल्ली जा रही एक कार सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक-ट्रॉला से पीछे से टकरा गई। हादसे में एटा निवासी एयरफोर्स के सेवानिवृत्त कर्मी वैभव यादव (40) की मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद महिला किरन गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनका निजी अस्पताल में इलाज जारी है।
दिल्ली जाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, एटा जनपद के कोतवाली नगर स्थित सुनहरी नगर निवासी वैभव यादव अपनी क्रेटा कार से अपने दोस्त अनूप की पत्नी किरन के साथ दिल्ली जा रहे थे। बताया जा रहा है कि वे अनूप के बीमार पिता को देखने जा रहे थे।
भरतरी के पास पहुंचते ही उनकी कार सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक-ट्रॉला से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
साढ़े तीन घंटे हाईवे पर खड़ा रहा ट्रक-ट्रॉला
स्थानीय जानकारी के मुताबिक, मिर्जापुर से दिल्ली जा रहा ट्रक-ट्रॉला सोमवार रात करीब 12:30 बजे खराब हो गया था। ट्रॉला पर बड़ा ट्रांसफॉर्मर लदा हुआ था।
बताया जा रहा है कि लगभग साढ़े तीन घंटे तक ट्रॉला हाईवे पर ही खड़ा रहा। घटनास्थल टोल प्लाजा से करीब 12.5 किलोमीटर दूर अलीगढ़ शहर की ओर है। इस दौरान न तो ट्रॉला को सुरक्षित स्थान पर हटाया गया और न ही पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए।
हादसे के बाद सुबह करीब 5:30 बजे क्रेन की मदद से ट्रॉला को हटाया गया और दोपहर में थाने ले जाया गया। कार को भी भरतरी चौकी पर खड़ा कराया गया।
अस्पताल में उपचार, पोस्टमार्टम कराया गया
घायल महिला को एंबुलेंस से मलखान सिंह जिला अस्पताल भेजा गया। वैभव यादव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है।
सीओ गभाना धनंजय ने बताया कि फिलहाल तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

