रिपोर्ट 🔹सुशील गुप्ता

फतेहाबाद (आगरा)। क्षेत्र में हाल ही हुई भारी बारिश के बाद उटंगन नदी के बढ़ते जलस्तर ने लोगों की चिंता बढ़ा दी थी, लेकिन वर्तमान में जलस्तर में गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार को फतेहाबाद एसडीएम ने उटंगन नदी का निरीक्षण कर जलस्तर की स्थिति का जायजा लिया और लोगों को आश्वस्त किया कि स्थिति नियंत्रण में है।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने फतेहाबाद तहसील सीमा पर बने पुल का भी दौरा किया। उन्होंने पुल पर चल रहे निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा की। अधिकारियों से स्पष्ट निर्देश देते हुए एसडीएम ने कहा, “निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और इसे तय समय सीमा में पूर्ण किया जाए ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द राहत मिल सके।”

इस दौरान उन्होंने पुल निर्माण के कारण बाधित यातायात व्यवस्था का भी जायजा लिया और वैकल्पिक मार्गों को बेहतर बनाने पर बल दिया। अधिकारियों ने जानकारी दी कि निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है और जल्द ही आवागमन सामान्य कर दिया जाएगा।

निरीक्षण के बाद एसडीएम ने स्थानीय निवासियों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने कहा कि प्रशासन क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए कृतसंकल्पित है और हर संभव प्रयास कर रहा है।

____________

error: Content is protected !!
Exit mobile version