आगरा। आगरा जिले में स्थित खंदौली ब्लॉक के नेकपुर गांव में ईंटों के ढेर से वाइल्डलाइफ एसओएस रैपिड रिस्पांस यूनिट ने सात रैट स्नेक को सफलतापूर्वक बचाया। ये सांप एक निर्माण स्थल पर पाए गए, जहां वर्तमान में एक मंदिर का निर्माण हो रहा है, जिससे स्थानीय निवासियों में डर का माहौल बन गया।
ग्रामीणों के अनुसार, निर्माण स्थल पर ईंटों के ढेर के अंदर बड़े-बड़े सांप छिपे हुए देखे गए। ग्रामीणों और साँपों, दोनों के लिए संभावित खतरे को समझते हुए, लोगों ने तुरंत वाइल्डलाइफ एसओएस की आपातकालीन हेल्पलाइन (+91 9917109666) पर संपर्क किया और तत्काल सहायता मांगी।

सूचना मिलते ही, वाइल्डलाइफ एसओएस की दो सदस्यीय प्रशिक्षित बचाव टीम तुरंत मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक बचाव अभियान चलाया। सभी सातों साँपों को सुरक्षित रूप से टीम ने रेस्क्यू किया, जिससे जानवरों को कोई चोट नहीं आई और लोगों को भी कोई नुकसान नहीं हुआ। बचाए गए साँपों को कुछ देर चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया और उपयुक्त पाए जाने पर उन्हें उनके प्राकृतिक आवास में वापस छोड़ दिया गया।
वाइल्डलाइफ एसओएस के सह-संस्थापक और सीईओ कार्तिक सत्यनारायण ने कहा ऐसी घटनाएं इस बात को उजागर करती हैं कि तीव्र शहरीकरण और निर्माण गतिविधियों के कारण अक्सर मनुष्य और साँपों के बीच अप्रत्याशित टकराव हो जाते हैं। हम सह-अस्तित्व का विकल्प चुनने और तुरंत एक्सपर्ट सहायता लेने के लिए ग्रामीणों की सराहना करते हैं। समय पर हस्तक्षेप न केवल हानि को रोकता है, बल्कि लोगों और जानवरों दोनों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करता है।





