फतेहाबाद/आगरा: तहसीलदार बबलेश कुमार ने गुरुवार दोपहर करीब दो बजे अवैध मिट्टी खनन की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी और दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया। तीनों वाहनों को कब्जे में लेकर निबोहरा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया, जहां उन्हें सीज करने की कार्रवाई की गई।
बताया गया कि गाटा संख्या 239, ग्राम पंचायत चमरौली में खनन विभाग से 614 मीटर क्षेत्र में मिट्टी खनन की स्वीकृति ली गई थी। लेकिन आरोप है कि स्वीकृत सीमा से अधिक करीब 1400 मीटर क्षेत्र से मिट्टी का खनन कर उसे ईंट भट्ठा संचालकों को बेचा गया।
आरोप है कि चमरौली निवासी धर्मेंद्र पुत्र बेताल सिंह द्वारा स्वीकृत क्षेत्र से अधिक और अन्य ग्राम पंचायत की जमीन से अवैध रूप से मिट्टी की बिक्री की गई। जांच में यह भी सामने आया कि खनन की स्वीकृति चमरौली ग्राम पंचायत के लिए थी, जबकि वास्तविक खनन ग्राम पंचायत नगरिया की भूमि से किया जा रहा था।
तहसीलदार बबलेश कुमार ने बताया कि अवैध खनन की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की गई। पकड़े गए वाहनों को निबोहरा पुलिस को सौंप दिया गया है तथा संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
- रिपोर्ट – सुशील गुप्ता





