आगरा: थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में एक महिला ने दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता का आरोप है कि परिचित युवक ने भरोसे का फायदा उठाकर उसे बहाने से होटल ले जाकर जबरदस्ती की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
होटल ले जाने का आरोप
पीड़िता के अनुसार, आरोपी युवक पिज्जा स्टॉल संचालित करता है और पहले से परिचित था। इसी पहचान के चलते उसने किसी काम का झांसा देकर महिला को बोदला क्षेत्र स्थित एक होटल में बुलाया। महिला का आरोप है कि वहां आरोपी के कुछ अन्य साथी भी मौजूद थे।
जबरदस्ती करने का आरोप
शिकायत में कहा गया है कि होटल में आरोपी ने महिला के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। पीड़िता का कहना है कि वह डरी-सहमी हालत में पूरी रात वहीं रही।
सुबह बाहर छोड़कर भागे
महिला के मुताबिक, सुबह आरोपी और उसके साथी उसे होटल के बाहर छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद वह परिजनों के पास पहुंची और घटना की जानकारी दी।
पुलिस कार्रवाई
परिजनों के साथ पीड़िता थाना एत्माद्दौला पहुंची, जहां लिखित शिकायत दी गई। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी फतेहपुर सीकरी क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। सभी आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





