आगरा। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के निर्वाचन पर आज आगरा के भाजपाइयों में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता के नेतृत्व में भाजपा ब्रज क्षेत्र कार्यालय, जयपुर हाउस (आगरा) पर ढोल-नगाड़ों के साथ आतिशबाजी की गई और कार्यकर्ताओं ने मिष्ठान वितरण कर खुशी का इजहार किया।
लखनऊ में आयोजित प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचन समारोह का लाइव प्रसारण भाजपा ब्रज क्षेत्र कार्यालय पर बड़ी स्क्रीन के माध्यम से दिखाया गया। जैसे ही दोपहर करीब 2 बजे केंद्रीय मंत्री एवं चुनाव प्रभारी पीयूष गोयल ने मंच से भाजपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष के रूप में पंकज चौधरी के नाम की घोषणा की, वैसे ही कार्यालय में मौजूद कार्यकर्ता जोश और उत्साह से भर उठे। सभी ने नारेबाजी करते हुए कार्यालय के बाहर ढोल की थाप पर नृत्य किया और आतिशबाजी कर ऐतिहासिक क्षण का स्वागत किया।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में संगठन को नई ऊर्जा देंगे। पार्टी कार्यकर्ता विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करने के लिए पूरे समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। साथ ही उत्तर प्रदेश भाजपा संगठन सेवा, समर्पण और सुशासन के नए मानक स्थापित करेगा।
कार्यक्रम में भाजपा के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रमुख रूप से महानगर महामंत्री हेमंत भोजवानी, मनोज राजोरा, राजेश गोयल, मनमोहन कुशवाह, रोहित कत्याल, अभिषेक गुप्ता, क्षमा जैन सक्सेना, युवा मोर्चा अध्यक्ष शैलू पंडित, प्रमोद सिंह, धीरज कोहली, संचित कुलश्रेष्ठ, गोगा मौर्य सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की।





