आगरा। श्रावण मास के पहले सोमवार को सभी शिव मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ दिखाई दी। सभी मंदिर ‘हर हर महादेव’ के जयकारों से गूंज रहे थे।
प्राचीन राजेश्वर महादेव मंदिर में रविवार रात 12:05 बजे शिवलिंग के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इसके साथ ही मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रात से ही श्रद्धालु कतारबद्ध होकर जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचने लगे थे। आज दिनभर मंदिर में जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक, पंचामृत स्नान और रुद्राभिषेक जैसे धार्मिक अनुष्ठान चल रहे हैं।
शहर के अन्य प्रमुख शिवालयों कैलाश मंदिर, बल्केश्वर मंदिर, पृथ्वीनाथ, रावली महादेव और मनकामेश्वर मंदिर में भी सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं। लोग अपने-अपने परिवारों के साथ भगवान शिव के दर्शन-पूजन के लिए उमड़े और पूरे भक्तिभाव से पूजा-अर्चना की।
श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित रूप देने के लिए प्रशासन ने शहर के प्रमुख मंदिरों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की थी। रात से ही पुलिस बल तैनात किया गया था। राजपुर चुंगी से राजेश्वर मंदिर मार्ग तक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया और श्रद्धालु पैदल ही मंदिर पहुंचे। जाम से बचाव के लिए रूट डायवर्ट किया गया, जिससे दर्शनार्थियों को राहत मिली।