- पार्किंग शुल्क को लेकर अधिवक्ता और ठेकेदार में विवाद
- दोनों पक्षों में मारपीट, अधिवक्ता के कपड़े फटे
- पुलिस पर अधिवक्ताओं से धक्का-मुक्की के आरोप
- विधायक ने विवाद सुलझाया, बिना कार्रवाई छोड़े गए पक्ष
- व्यापारियों ने ठेकेदार के खिलाफ पैदल मार्च निकाला
आगरा। गुरुवार को शहर के संजय प्लेस में पार्किंग को लेकर ठेकेदार और अधिवक्ता के बीच विवाद ने बवाल का रूप ले लिया। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई और मामला हरीपर्वत थाने तक जा पहुंचा।
अधिवक्ता शशांक अग्रवाल, जिनका ऑफिस संजय प्लेस में है, रोजाना की तरह अपनी गाड़ी पार्क कर रहे थे। इसी दौरान पार्किंग ठेकेदार वहां पहुंचा और उनसे पैसे मांगने लगा। पैसे मांगने को लेकर कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों तरफ से लाठी-डंडे चलने लगे। इस दौरान ठेकेदार ने अधिवक्ता के साथ जमकर मारपीट की और उनके कपड़े भी फाड़ दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर हरीपर्वत थाने पहुंचाया। यहां मामला और गरमा गया जब अधिवक्ताओं के समर्थन में कई साथी व भाजपा कार्यकर्ता थाने पहुंच गए। हंगामे के बीच पुलिस ने अधिवक्ताओं को थाने से बाहर धक्का देते हुए निकाल दिया, जिससे नाराज होकर अधिवक्ताओं ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
वहीं, मौके पर पहुंचे विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने अधिवक्ताओं को शांत करने की कोशिश की और कहा, “मैं आपका प्रतिनिधि हूं, आप जो कहेंगे वही होगा।” इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को बिना किसी कार्रवाई के छोड़ दिया।
घटना से आक्रोशित संजय प्लेस के व्यापारियों ने शाम को पैदल मार्च निकाला और पार्किंग ठेकेदार की अभद्रता और मनमानी के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
—























