गोविन्द पाराशर– संवाददाता आगरा
आगरा। करीब 45 लाख रुपये की शराब भूसे के नीचे दबी हुई थी। ट्रक में शराब को भूसे के ढेर से ढक कर तस्करी की जा रही थी। ट्रांस यमुना पुलिस इलाके में वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान संदिग्ध नजर आने पर दस चक्का ट्रक की जांच की गई तो यह खुलासा हुआ।
पुलिस ने 415 पेटी शराब बरामद कर ट्रक के चालक और क्लीनर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नानू राम और नानक राम के रूप में हुई है। जिस ट्रक में शराब ले जाई जा रही थी, वह किराए पर लिया गया था और मध्य प्रदेश का बताया जा रहा है। मामले में ट्रक मालिक और मैनेजर दीपक की भूमिका भी सामने आई है।
पुलिस अब उनकी तलाश में जुटी है डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने मीडिया को बताया कि पकड़े गए दोनों अभियुक्तों से कब्जे से कुल 415 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब (अनुमानित कीमत लगभग ₹45 लाख), घटना में प्रयुक्त ट्रक, 02 मोबाइल फोन एवं ₹4,580 नकद बरामद किए गए। बताया गया है कि शराब की खेप पंजाब से लाई गई थी और इसे बिहार पहुंचाया जाना था। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इससे पहले इसी तरीके से कितनी बार शराब की खेप एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाई गई। पूछताछ में पुलिस को शराब की तस्करी से जुड़े नेटवर्क के बारे में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।





















