भारत छोड़ो आंदोलन की 84वीं वर्षगांठ पर जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित हुआ कार्यक्रम
जिला नजर संवाददाता – राहुल गौड़
मथुरा। सेठबाड़ा स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय पर शनिवार को भारत छोड़ो आंदोलन की 84वीं वर्षगांठ के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश धनगर की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में इसे ‘नफरत-हिंसा भारत छोड़ो’ दिवस के रूप में मनाया गया। इस दौरान महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके विचारों को याद किया गया।
कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर ने कहा कि देश में भ्रष्टाचार, सांप्रदायिकता, शोषण, शिक्षा एवं परीक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों तथा अन्य जनहित के विषयों के खिलाफ कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर नफरत और हिंसा की राजनीति का विरोध करने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता सांप्रदायिकता विरोधी समिति के जिलाध्यक्ष शिवदत्त चतुर्वेदी ने भारत छोड़ो आंदोलन की पृष्ठभूमि और उसके ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देश की एकता और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
पूर्व अध्यक्ष विक्रम बाल्मीकि, उमेश शर्मा, जिला उपाध्यक्ष आदित्य तिवारी एडवोकेट, अशोक सैनी, धर्मेंद्र सिंह प्रधान, अर्पित जादौन और गीता दिवाकर सहित अन्य वक्ताओं ने 9 अगस्त के ऐतिहासिक महत्व पर विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री वैद्य मनोज गौड़ ने किया। इस अवसर पर अमित दीक्षित, निशू यादव एडवोकेट, अनिल खरे, सुशील गौतम, ललित शर्मा, भोले, मोनू कुरैशी, राजेश धनगर, सुरेश शर्मा सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।





















