दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। मिशन शक्ति अभियान के तहत थाना बमरौली कटारा पुलिस टीम ने महिलाओं को देखकर अश्लील गाने गाने और अभद्रता करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त आगरा के निर्देशन में मिशन शक्ति-5.0 अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पुलिस टीमों द्वारा स्कूल, कॉलेज एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भ्रमण कर महिलाओं एवं छात्राओं को नारी सुरक्षा व स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
शनिवार को थाना बमरौली कटारा की मिशन शक्ति पुलिस टीम क्षेत्र में भ्रमणशील थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि श्यामो मोड़ पर एक व्यक्ति महिलाओं को देखकर अभद्र फब्तियां कस रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी पंकज पुत्र पप्पू निवासी कैलाश टॉकीज, थाना ताजगंज, कमिश्नरेट आगरा को श्यामो मोड़ से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना बमरौली कटारा, कमिश्नरेट आगरा में अभियोग पंजीकृत किया है।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष दीपक तिवारी, कांस्टेबल केतन चौधरी, महिला कांस्टेबल गीता कुशवाहा, महिला कांस्टेबल सविता, कांस्टेबल अर्चना सिंह, महिला कांस्टेबल अंशु सिंह, महिला कांस्टेबल छाया तथा कांस्टेबल गौरव पाराशर व कांस्टेबल मनी कुमार शामिल रहे।





















