पूर्व सपा प्रत्याशी रुपाली अशोक दीक्षित बोलीं— पीडीए ही सामाजिक न्याय का सबसे मजबूत आधार, कार्यकर्ताओं में दिखा 2027 का जोश
फतेहाबाद/आगरा । फतेहाबाद विधानसभा के धिमिश्री स्थित कृष्णा वाटिका में समाजवादी पार्टी की पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) पंचायत का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं पूर्व एमएलसी दयाराम प्रजापति, जिलाध्यक्ष उदल सिंह कुशवाहा, जिला उपाध्यक्ष एवं सोशल मीडिया प्रभारी पवन प्रजापति सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में माताओं, बहनों, युवाओं और बुजुर्गों ने भाग लिया।
फतेहाबाद विधानसभा की पूर्व सपा प्रत्याशी रुपाली अशोक दीक्षित ने अपने संबोधन में कहा कि समाजवादी पार्टी की पीडीए विचारधारा समाज के अंतिम व्यक्ति को सम्मान और अधिकार दिलाने का संकल्प है। हमारा लक्ष्य हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करना और सामाजिक न्याय को मजबूत करना है। जनता बदलाव चाहती है और 2027 में अखिलेश यादव के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विकास, समानता और भाईचारे की नई सरकार बनेगी।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि समाजवादी पार्टी की नीतियों को जनता का लगातार समर्थन मिल रहा है। सभा में मौजूद कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन में उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला।





















