दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। थाना फतेहाबाद क्षेत्र के फिरोजाबाद बाईपास पर शनिवार रात हुए सड़क हादसे में घायल चाऊमीन ठेला स्वामी की आगरा में उपचार के दौरान रविवार को मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 9:30 बजे बाह रोड की ओर से आ रहे चाऊमीन के ठेले को पीछे से तेज रफ्तार ईको गाड़ी ने टक्कर मार दी थी।
टक्कर इतनी तेज थी कि ठेला पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उस पर रखा सामान सड़क पर बिखर गया। हादसे में ठेला स्वामी गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे पहले फतेहाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत होने पर आगरा रेफर किया गया।
रविवार को 1 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।मृतक की पहचान देवचंद्र पुत्र भगवान सिंह (30 वर्ष), निवासी फिरोजाबाद रोड बाईपास, फतेहाबाद के रूप में हुई है। वह चाऊमीन का ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
अपने पीछे वह पत्नी और चार छोटे बच्चों किशन (12 वर्ष), मंजिली (9 वर्ष), मंजू (7 वर्ष) तथा प्रशांत (6वर्ष)को छोड़ गया है। परिवार की आजीविका का मुख्य साधन देवचंद्र का ठेला ही था। उनकी असमय मृत्यु से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रभारी निरीक्षक फतेहाबाद विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना में शामिल ईको गाड़ी को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी





















