दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। थाना फतेहाबाद पुलिस ने लूट की घटना का सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन तथा लूटी गई एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार कैलाश कुमार ने 17 जुलाई 2026 को थाना फतेहाबाद में तहरीर देकर बताया था कि 9 जुलाई 2026 की रात करीब 9 बजे वह भरापुरा से अपने घर लौट रहे थे। मल्लपुरा पुलिया के पास 3-4 अज्ञात बदमाशों ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डालकर मोबाइल फोन, 1200 रुपये नकद तथा एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल लूट ली थी। इस संबंध में थाना फतेहाबाद में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम द्वारा चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर की सूचना पर रूपपुर पुलिया के पास से दो आरोपियों रोहित पुत्र यशवीर उर्फ राजवीर निवासी ग्राम रिहावली तथा धनीराम पुत्र हरिशंकर निवासी ग्राम नगरपुर, थाना फतेहाबाद को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस, लूटा गया सैमसंग मोबाइल फोन तथा एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों का चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सागर सिंह, उपनिरीक्षक शिवप्रकाश सिंह, उपनिरीक्षक श्रीकांत वर्मा सहित थाना फतेहाबाद पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





















