दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। तहसील परिसर में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एडीएम सिटी यमुनाधर चौहान ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। समाधान दिवस में कुल 72 शिकायतें प्राप्त हुईं, लेकिन एक भी शिकायत का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। सभी मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेज दिया गया।
प्राप्त शिकायतों में सर्वाधिक 46 मामले राजस्व विभाग से संबंधित रहे। इसके अलावा पुलिस विभाग की सात, राजस्व एवं पुलिस से जुड़ी छह, विकास विभाग की आठ तथा अन्य विभागों की पांच शिकायतें दर्ज की गईं। एडीएम सिटी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।
संपूर्ण समाधान दिवस में एसीपी शमसाबाद राजीव रंजन, तहसीलदार शिखर मिश्रा, उपमुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सतेन्द्र कुमार भाटी, एसडीओ विद्युत गौरव राजपूत, नायब तहसीलदार विमल कुमार, शुभ्रा अवस्थी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।





















