गोविन्द पाराशर– संवाददाता आगरा
आगरा। कमला नगर कॉलोनी में सड़क पर बने गहरे गड्ढे को लेकर शनिवार को समाजवादी पार्टी के नेता ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। सपा नेता नितिन कोहली ने सड़क पर बने विशाल गड्ढे के भीतर सीढ़ी लगाकर उतरते हुए इसे “पाताल लोक का रास्ता” बताकर भाजपा सरकार के विकास के दावों पर सवाल खड़े किए। कमला नगर जैसे शहर के प्रमुख और पॉश इलाके में सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर लोगों में लंबे समय से नाराजगी है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, जिससे आए दिन लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में हालात और भी गंभीर हो जाते हैं, जब सड़क पर भरे पानी के कारण गड्ढों की गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है।
प्रदर्शन के दौरान सपा नेता नितिन कोहली ने कहा कि सरकार शहर के विकास और स्मार्ट सिटी के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कमला नगर जैसे महत्वपूर्ण इलाके की सड़कें भी बदहाल हैं और प्रशासन लोगों की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं है।
उन्होंने कहा कि कमला नगर की यह समस्या केवल एक सड़क तक सीमित नहीं है। शहर के कई इलाकों में टूटी और जर्जर सड़कें आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन चुकी हैं। रोजाना इन रास्तों से गुजरने वाले स्कूली बच्चे, बुजुर्ग, नौकरीपेशा लोग और व्यापारी दुर्घटना के खतरे के बीच सफर करने को मजबूर हैं।
गहरे गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालक अक्सर हादसों का शिकार होते हैं। बारिश के दिनों में स्थिति और खराब हो जाती है, जिससे ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने और स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।





















