दैनिक जिला नज़र संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। यमुना एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के चालक को नींद आने के कारण एक इनोवा क्रिस्टा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर कूदते हुए दूसरी साइड की लेन में पहुंच गई। हादसे में कार सवार 11 लोगों में से किसी को भी चोट नहीं आई।
यूपीडा के अनुसार आज सुबह करीब 5:12 बजे किलोमीटर संख्या 32+300 पर हादसा हुआ। बनारस से शमशाबाद, आगरा जा रही इनोवा क्रिस्टा कार संख्या UP 13 BW 9278 को चालक राजेंद्र सिंह पुत्र रामावतार सिंह, उम्र 43 वर्ष, निवासी गोपालपुर कस्बा, थाना शमशाबाद चला रहे थे।
कार में चालक के साथ उनकी पत्नी, परिवार के अन्य सदस्य, पड़ोसी और 4 बच्चे सहित कुल 11 लोग सवार थे। लखनऊ से आगरा की तरफ जाते समय चालक को नींद की झपकी आ गई। इससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर जंप मारते हुए आगरा से लखनऊ वाली साइड में चली गई।
गनीमत रही कि हादसे में कार सवार किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई। सभी 11 लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। टक्कर से कार की स्टेफनी और आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। कार को मौके पर ही ठीक कराकर आगे के लिए रवाना किया गया।
सूचना पर यूपीडा और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।





















