गोविंद पाराशर संवाददाता आगरा
आगरा। सेना के एक हवलदार के शहर में रहस्यमय तरीके से लापता होने की खबर है। हवलदार कुलदीप कुमार बीते चार दिनों से लापता हैं। वह विगत 10 जुलाई को दिल्ली से यहां आए थे। उन्हें आगरा कैंट स्थित पैरा सेंटर पहुंचना था। लेकिन वे सेंटर पर नहीं पहुंचे और उनका कोई सुराग नहीं लग सका है।यात्रा की गाइड और यात्रा की जानकारी
परिजनों और दोस्तों के अनुसार, कुलदीप कुमार का मोबाइल फोन पिछले चार दिनों से बंद आ रहा है। उनसे किसी भी माध्यम से संपर्क नहीं हो पा रहा है, जिससे परिवार और करीबी लोग बेहद चिंतित हैं। हवलदार के एक दोस्त ने मामले में मदद की गुहार लगाते हुए पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। मामले की जानकारी मिलने के बाद आगरा पुलिस कमिश्नरेट हरकत में आ गया है।
पुलिस अधिकारियों ने सदर बाजार थाना पुलिस को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस हवलदार के आगरा आने, उनके संभावित ठिकानों और आखिरी लोकेशन से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस ने परिजनों और परिचितों से अपील की है कि यदि उनके पास कुलदीप कुमार से जुड़ी कोई भी महत्वपूर्ण जानकारी, दस्तावेज या हालिया संपर्क विवरण हो तो उसे तुरंत पुलिस के साथ साझा करें, ताकि उनकी तलाश में तेजी लाई जा सके। फिलहाल, पुलिस विभिन्न तकनीकी और स्थानीय स्तर पर जांच कर रही है।





















