दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। निबोहरा थाना क्षेत्र के गांव निबोहरा में 36 वर्षीय विकलांग महिला का शव घर में फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मायके पक्ष ने महिला की हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है, जबकि ग्रामीणों के अनुसार घटना से पहले पति-पत्नी के बीच बकरी बांधने को लेकर विवाद हुआ था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गीता देवी (36) पुत्री मुरारी लाल निवासी देवरी, आगरा की शादी करीब 20 वर्ष पूर्व निबोहरा निवासी विनोद कुमार पुत्र रामसिया के साथ हुई थी। पति-पत्नी दोनों ही दिव्यांग बताए गए हैं। दंपति के दो बेटे हैं, जिनमें अमन (15 वर्ष) और विवेक (12 वर्ष) शामिल हैं।मृतका के चचेरे भाई मुकेश पुत्र पूरन सिंह ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष ने गीता देवी के साथ मारपीट कर उसकी हत्या करने के बाद शव को फांसी पर लटका दिया।
वहीं ग्रामीणों का कहना है कि बुधवार को पति-पत्नी के बीच बकरी बांधने को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद पति काम पर चला गया और महिला दोनों बेटों के साथ घर पर थी।घटना की सूचना मिलते ही निबोहरा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार गौतम ने बताया कि महिला के फांसी लगाने की सूचना प्राप्त हुई थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।





















