दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। कस्बे के गढ़ी गुसाई स्थित इंडेन गैस सेवा पर कालाबाजारी की शिकायत के बाद एजेंसी संचालक ने गुरुवार को गोदाम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान संचालक ने सभी कर्मचारियों को कड़े निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि गैस की कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ज्ञातव्य हो की दो दिन पहले इंडेन गैस सेवा के गोदाम कीपर पर कालाबाजारी का आरोप लगा था। एजेंसी संचालकों की सतर्कता से 70 घरेलू सिलेंडरों से भरी एक मैक्स गाड़ी को मौके पर ही पकड़ लिया गया था। आरोप था कि गोदाम कीपर दिल्ली-एनसीआर में महंगे रेट पर बेचने के लिए 1580 रुपये प्रति सिलेंडर की दर से सिलेंडर बाहर भेज रहा था।
सूचना पर पुलिस को भी बुलाया गया था और मामले में कार्रवाई की गई थी। इसी मामले में गोदाम कीपर ने एजेंसी संचालकों पर पलटवार करते हुए 500 खाली सिलेंडर कम होने का आरोप लगाया था, जिसे संचालकों ने निराधार बताया था।
बृहस्पतिवार को एजेंसी संचालक उषा यादव ने इंडेन गैस सेवा के गोदाम का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टॉक रजिस्टर, सिलेंडर वितरण और अन्य रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की। निरीक्षण में स्टॉक रजिस्टर पूरा पाया गया।
निरीक्षण के बाद उषा यादव ने सभी कर्मचारियों की बैठक ली और कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इंडेन गैस सेवा के किसी भी उपभोक्ता को समय पर और निर्धारित दर पर सिलेंडर मिलना चाहिए। किसी भी तरह की लापरवाही या कालाबाजारी की शिकायत मिलने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
एजेंसी संचालक उषा यादव ने उपभोक्ताओं से भी अपील की कि यदि उन्हें सिलेंडर की कालाबाजारी या ओटीपी दुरुपयोग जैसी कोई शिकायत मिले तो तुरंत एजेंसी कार्यालय में सूचना दें।





















