मथुरा। नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स इंडिया (एनयूजेआई) एवं ब्रज प्रेस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को 34वें पत्रकारिता दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य संगोष्ठी में पत्रकारिता के वर्तमान स्वरूप, चुनौतियों और भविष्य की दिशा पर व्यापक मंथन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पांडेय एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान उपस्थित रहीं।कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री मनोज कुमार पांडेय, डॉ. बबीता सिंह चौहान, जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, नगर आयुक्त जग प्रवेश, एनयूजेआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी तथा उत्तर प्रदेश राज्य मुख्यालय मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति के अध्यक्ष हेमन्त तिवारी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौर में पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत गौरवशाली रही है। वर्तमान समय में पत्रकारों के सामने अनेक चुनौतियां हैं, जिनका सामना उन्हें ईमानदारी, निर्भीकता और निष्पक्षता के साथ करना होगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के सामने अपनी साख बचाने की चुनौती सबसे महत्वपूर्ण है। मंत्री ने मथुरा के पत्रकारों की समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखने तथा ब्रज प्रेस क्लब के लिए स्थान उपलब्ध कराने का प्रयास करने का आश्वासन भी दिया।राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने कहा कि वह स्वयं ब्रज की बेटी हैं और महिला पत्रकारों सहित सभी पत्रकारों के साथ सदैव खड़ी हैं। उन्होंने पत्रकारों से अपनी खबरों में ब्रजभाषा के समावेश का आग्रह करते हुए कहा कि इससे स्थानीय संस्कृति और विरासत को और अधिक मजबूती मिलेगी।उत्तर प्रदेश राज्य मुख्यालय मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति के अध्यक्ष हेमन्त तिवारी ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के बढ़ते प्रभाव के बीच पत्रकारों को स्वयं को और अधिक सक्षम बनाना होगा। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर बार-बार बिजली बाधित होने का मुद्दा उठाते हुए ऊर्जा व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता पर बल दिया।एनयूजेआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी ने पत्रकारों की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि देश में पत्रकारों के हितों के संरक्षण हेतु विशेष कानून की आवश्यकता है। उन्होंने पत्रकार सुरक्षा अधिनियम लागू करने की मांग की।जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने कहा कि बड़ी संख्या में पत्रकारों की उपस्थिति पत्रकारिता के प्रति समर्पण को दर्शाती है। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने पत्रकारों को समाज का दर्पण बताते हुए उनकी भूमिका की सराहना की।कार्यक्रम को दिल्ली जर्नलिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश थपलियाल, एनयूजेआई चुनाव आयोग के अध्यक्ष रधिबल यादव, जर्नलिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश संयोजक राकेश शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष संजय सैनी, विश्व हिन्दू परिषद ब्रज प्रांत अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रवाल तथा समाजसेवी प्रमोद कसेरे सहित अनेक वक्ताओं ने संबोधित किया।ब्रज प्रेस क्लब के अध्यक्ष एवं एनयूजे के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. कमल कान्त उपमन्यु एडवोकेट ने मंत्री मनोज कुमार पांडेय को वर्ष 2014 में किए गए वादे की याद दिलाते हुए ब्रज प्रेस क्लब के भवन निर्माण की मांग दोहराई। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं पत्रकारों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया तथा सभी का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार अनूप शर्मा ने किया। संगोष्ठी में जिले भर से आए सैकड़ों पत्रकारों, समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।























