जिला नजर संवाददाता एटा
एटा। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ द्वारा 21 मई 2026 को आयोजित होने वाली लेखपाल मुख्य परीक्षा (प्रा.अ.प.-2025) को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रकाश चंद्र ने की। बैठक में परीक्षा से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने कहा कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी-अपनी ड्यूटी पर समय से उपस्थित रहकर जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करें और परीक्षा को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराना सुनिश्चित करें।
उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, निगरानी एवं व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य अभ्यर्थियों को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराना है।





















