दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। ब्लाक शमसाबाद के गांव गुढा और नरि के ग्रामीणों का एक प्रतिनिधि मंडल शनिवार को एसडीएम स्वाति शर्मा और तहसीलदार बबलेश कुमार से मिला और ग्राम सभा की भूमि को लेकर अपनी शिकायत दर्ज कराई।
ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम सभा की गाटा संख्या 1133 मि., रकवा 13.3710 हेक्टेयर राजस्व अभिलेखों में ‘बेहड़’ के रूप में दर्ज है। इस भूमि के संबंध में न तो भूमि प्रबंधन समिति और न ही पूर्व प्रधान द्वारा कोई प्रस्ताव पारित किया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि वर्ष 2012-13 में तत्कालीन तहसीलदार बिजेंद्र सिंह और एसडीएम द्वारा उक्त भूमि पीएसी की शूटिंग रेंज के लिए दे दी गई, जबकि इस जमीन पर करीब 25-26 किसानों के पट्टे हैं और वे जमींदारी समय से कब्जे में हैं।
ग्रामीणों ने कहा कि पीएसी विभाग के अधिकारी इस भूमि को लेकर किसानों को परेशान कर रहे हैं। साथ ही यह भी बताया कि जिस स्थान पर शूटिंग रेंज बनाई जा रही है, उसके पास गांव नरि की आबादी भी स्थित है, जिससे ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना बनी हुई है।
इस संबंध में तहसीलदार बबलेश कुमार ने ग्रामीणों को सलाह दी कि वे जिलाधिकारी न्यायालय में वाद प्रस्तुत करें और मिनजुमिला नंबर के आधार पर अपने-अपने अंश का निर्धारण कराएं।





















