दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। शनिवार की सुबह आगरा फतेहाबाद मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया जिसमें बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई। हादसे में पहले पिता की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि घायल पुत्र ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार शिवचरण उर्फ शिवा पुत्र चिरंजीलाल उम्र करीब 35 वर्ष निवासी ग्राम मीटपुरा थाना फतेहाबाद अपने पुत्र शिवम उम्र करीब 15 वर्ष के साथ मोटरसाइकिल संख्या UP80HM4362 से वाजिदपुर जा रहे थे।
बताया गया है कि वह अपने बड़े बेटे शिवा की शादी में बजाए गए बैंड-बाजे का भुगतान करने वाजिदपुर जा रहे थे। बड़े बेटे शिवा की शादी बीती 25 अप्रैल को हुई थी।जैसे ही वह पूठपुरा कल्याणपुर के पास पहुंचे, तभी तेज गति से आगरा की ओर से आए कैंटर संख्या UP80FT3855 ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि शिवचरण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुत्र शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मृत्यु हो गई।
मृतक शिवचरण अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है। उनके चार बच्चे हैं, जिनमें एक लड़की और तीन लड़के शामिल हैं। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।सूचना पर प्रभारी निरीक्षक तरुण धीमान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु आगरा मोर्चरी भेज दिया। मौके पर शांति व्यवस्था कायम रही तथा यातायात सुचारू रूप से चलता रहा।





















