दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। फतेहाबाद तहसील परिसर में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों से बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
इस दौरान कुल 47 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से एक शिकायत का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए।संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी फतेहाबाद स्वाति शर्मा ने की।
उन्होंने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से किया जाए।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को टालना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और हर शिकायत पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।कार्यक्रम के दौरान राजस्व, पुलिस, बिजली, जलभराव, सड़क, पेंशन, आवास, राशन कार्ड तथा भूमि विवाद से जुड़ी शिकायतें सामने आईं।
अधिकारियों ने संबंधित विभागों को जांच कर जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।इस अवसर पर तहसीलदार फतेहाबाद बबलेश कुमार, खंड विकास अधिकारी रजत कुशवाह, अधिशासी अधिकारी डीएस वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने
शिकायतकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का समाधान नियमानुसार कराया जाएगा।संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का एक ही स्थान पर सुनवाई कर उनका त्वरित समाधान कराना है, ताकि लोगों को अलग-अलग विभागों के चक्कर न लगाने पड़ें। कार्यक्रम में पहुंचे लोगों ने अपनी शिकायतें दर्ज कर राहत की उम्मीद जताई।





















