जिला नजर ब्यूरो चीफ संजय भारद्वाज
अलीगढ़। अलीगढ़ में माननीय उच्च न्यायालय इलाहाबाद के आदेशों के अनुपालन में दोदपुर स्थित शौकत मंजिल के जर्जर भवन संबंधी प्रकरण में गुरुवार को नगर निगम कार्यालय में सुनवाई आयोजित की गई।
सुनवाई के दौरान प्रेम प्रकाश मीणा ने भवन स्वामी एवं किरायेदारों की व्यक्तिगत रूप से सुनवाई की। नगर निगम के सिविल इंजीनियर एवं संपत्ति विभाग द्वारा प्रस्तुत निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर उन्होंने भवन स्वामी को पूर्ण सुरक्षा मानकों के साथ निर्माण कार्य कराने के निर्देश दिए।

नगर निगम द्वारा किए गए स्थलीय निरीक्षण में पाया गया कि भवन अत्यंत जर्जर एवं क्षतिग्रस्त स्थिति में है। दीवारों, छत और छज्जों का प्लास्टर कई स्थानों से टूटकर गिर रहा है, जिससे हादसे की आशंका बनी हुई है।
नगर आयुक्त ने निर्देशित किया कि भवन के क्षतिग्रस्त हिस्सों की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा असुरक्षित भागों को सुरक्षित ढंग से हटाया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि या दुर्घटना को रोका जा सके।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि जनसुरक्षा नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही संबंधित पक्षों को अपने-अपने अभिलेख व पक्ष प्रस्तुत करने का अवसर भी प्रदान किया गया।
उन्होंने कहा कि माननीय उच्च न्यायालय के आदेशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा तथा प्रकरण का निस्तारण विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत किया जाएगा।





















