अदालत सख्त: बार-बार बुलाने के बावजूद अदालत में पेश न होने पर कोर्ट का कड़ा रुख, अगली सुनवाई 16 मई को
मथुरा/लखनऊ। मथुरा के मुख्य दैनिक समाचारों पत्रों में एक खबर पूर्व एसपी क्राइम से संबंधित प्रकाशित हुई है जिसे लेकर शहर में तमाम तरह की चर्चा बनी हुई है।बताया जा रहा है कि कृष्णानगर थाना क्षेत्र से जुड़े दहेज हत्या मामले में अदालत ने सख्त रुख अपनाते हुए मथुरा के पूर्व एसपी क्राइम के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया है। यह आदेश अपर सत्र न्यायाधीश हुसैन अहमद अंसारी द्वारा दिया गया, जिन्होंने मामले में बार-बार समन जारी होने के बावजूद गवाही के लिए उपस्थित न होने को गंभीर माना।अदालत ने स्पष्ट किया कि कई अवसर दिए जाने के बाद भी गवाह का पेश न होना न्यायिक प्रक्रिया में असहयोग और लापरवाही को दर्शाता है। इसी के चलते कोर्ट ने दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 350 के तहत नोटिस जारी करते हुए गिरफ्तारी वारंट का आदेश दिया।मामला राज्य बनाम शैलेन्द्र कुमार आदि के नाम से चल रहा है, जिसमें दहेज हत्या से जुड़े आरोपों की सुनवाई हो रही है। इस दौरान विवेचक अवनीश कुमार मिश्रा, जो उस समय एसपी क्राइम के पद पर थे, को गवाही के लिए बार-बार बुलाया गया, लेकिन वे अदालत में उपस्थित नहीं हुए।अदालत ने अपने आदेश में कहा कि गवाह का यह रवैया अत्यंत आपत्तिजनक और न्यायालय के प्रति असहयोगात्मक है। कोर्ट ने थाना कृष्णानगर, डीसीपी दक्षिणी, पुलिस कमिश्नर लखनऊ, डीजीपी और एसएसपी मथुरा को आदेश की प्रति भेजते हुए निर्देश दिया है कि संबंधित अधिकारी को गिरफ्तार कर नियत तिथि पर अदालत में पेश किया जाए।मामले की अगली सुनवाई अब 16 मई को निर्धारित की गई है। फिलहाल इस आदेश के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल तेज हो गई है।
























