जिला नजर संवाददाता संजय भारद्वाज
अलीगढ़। थाना क्वार्सी क्षेत्र स्थित ईदगाह रजा नगर कब्रिस्तान से एक बेहद संवेदनशील और चिंताजनक मामला सामने आया है। यहां कब्रिस्तान की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कब्रिस्तान कमेटी की लापरवाही के चलते कब्रें सुरक्षित नहीं हैं। इसका फायदा उठाकर जंगली जानवर रात के समय कब्रों को खोदकर शवों को बाहर निकाल रहे हैं। खासकर बच्चों की कब्रें ज्यादा प्रभावित बताई जा रही हैं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।

क्षेत्रीय निवासी आस मोहम्मद ने आरोप लगाते हुए कहा कि कब्रों की खुदाई पर्याप्त गहराई तक नहीं की जा रही, जिसके कारण जंगली जानवर उन्हें आसानी से उखाड़ देते हैं। उनका कहना है कि ऐसी घटनाएं बार-बार हो रही हैं।
स्थानीय लोगों ने कब्रिस्तान कमेटी और क्षेत्रीय पार्षद पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कब्रिस्तान में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं और प्रशासन भी इस ओर गंभीर नहीं है।

लोगों ने मांग की है कि कब्रों की खुदाई तय मानकों के अनुसार कराई जाए, कब्रिस्तान की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
अब सवाल यह है कि आखिर कब तक यह स्थिति बनी रहेगी और कब प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर ठोस कदम उठाएगा।























