जिला नज़र संवाददाता दिलशाद समीर
फतेहपुर सीकरी/आगरा। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बसेरी काजी के गांव इम्लाबदा में सोमवार देर रात अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग ने दो गरीब परिवारों की पूरी गृहस्थी को चंद मिनटों में राख कर दिया। आग के दौरान सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात करीब 8 बजे सुंदरलाल पुत्र मानसिंह और लाखन पुत्र मानसिंह के घर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और घर में रखा भूसा, अनाज, कपड़े, झोपड़ी समेत लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग के बीच गैस सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका हुआ, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए। गनीमत रही कि घटना के समय दोनों परिवार शादी समारोह में शामिल होने बाहर गए हुए थे, जिससे जनहानि नहीं हुई। वहीं ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घर में बंधे पशुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी आनंद वीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही दमकल विभाग की टीम ने भी पहुंचकर आग बुझाने में सहयोग किया। ग्रामीणों ने एकजुट होकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग लगने के कारणों को लेकर गांव में अलग-अलग चर्चाएं हैं। कुछ ग्रामीण सिलेंडर फटने को कारण मान रहे हैं, जबकि अन्य लोगों का कहना है कि विद्युत फॉल्ट से आग भड़की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पीड़ितों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना से दोनों परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।























