दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। थाना निबोहरा क्षेत्र के गांव भोगपुरा में शनिवार दोपहर गेहूं के बंटवारे को लेकर चाचा-भतीजे के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इस घटना में दोनों पक्षों से कई लोग घायल हो गए।
एक पक्ष से रुकमेश पुत्र केशव और रामनिवास पुत्र झम्मन घायल हुए हैं। वहीं दूसरे पक्ष से राजकुमारी पत्नी हेम सिंह, वीरी सिंह पुत्र जयश्रीराम और शिवकुमार पुत्र वीरी सिंह को चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान दोनों ओर से लाठी-डंडे चले, जिससे लोग घायल हो गए।
घटना के बाद परिजनों द्वारा सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
थाना प्रभारी बृजेश कुमार गौतम ने बताया कि सभी घायलों का इलाज कराया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।























