दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। नगर पंचायत फतेहाबाद द्वारा संचालित एमआरएफ (MRF) कूड़ा निस्तारण केंद्र, रसीलपुर का निरीक्षण करने का अवसर मिला। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती बबीता रविप्रकाश शल्या एवं उनके प्रतिनिधि रविप्रकाश शल्या के साथ केंद्र की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि कस्बे से एकत्रित होने वाले कूड़े को इस ऑटोमेटिक प्लांट पर अलग-अलग श्रेणियों में छांटकर उसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाता है। केंद्र पर जैविक कचरे से देशी खाद तैयार की जाती है, जबकि प्लास्टिक कचरे को थ्रेडिंग मशीन के माध्यम से प्रोसेस कर प्लास्टिक के दानों में परिवर्तित किया जाता है।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने केंद्र की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। केंद्र प्रभारी शुभम सोलंकी ने पूरी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी तथा सभी को कूड़े को घरों पर ही अलग-अलग श्रेणियों में रखने एवं स्वच्छता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम में श्रीमती रेनू संजय अनवरिया, वार्ड नंबर 7 के सभासद करतार सिंह, वार्ड नंबर 2 के सभासद सुरेंद्र, वार्ड नंबर 4 के सभासद सुनील कर्दम, नगर पंचायत कर्मी पवन सोलंकी, प्रशांत चक सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
नगर पंचायत द्वारा संचालित यह आधुनिक कूड़ा निस्तारण केंद्र स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।





















